Anuj Tyagi


जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर भाकियू (तोमर) का हल्ला बोल, 21 दिसंबर को महापंचायत का ऐलान

मुज़फ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर किसानों और आमजन के साथ हो रही कथित बदसलूकी के विरोध में 21 दिसंबर को महापंचायत कर टोल फ्री कराने का ऐलान किया है। यह घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने पंचायत के दौरान की।

यह पंचायत युवा प्रदेश प्रभारी हसीर चौधरी के गांव भंडूरा स्थित आवास पर आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। पंचायत में किसानों ने आरोप लगाया कि जनपद के तीनों टोल प्लाजा में से जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर सबसे अधिक बदसलूकी की जाती है, विशेषकर तब जब किसान या आमजन अपने परिवार व महिलाओं के साथ टोल से गुजरते हैं।

चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा के अंतर्गत सड़क और पुल अधूरे हैं, इसके बावजूद टोल वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को संगठन के नगर उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र और उनके परिवार के साथ टोल कर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी शिकायत 112 और थाने में देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने तितावी पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस टोल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रही है। चौधरी संजीव तोमर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन किसी भी कार्यकर्ता, किसान या महिलाओं के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं करेगा।

भाकियू (तोमर) के जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी ने कहा कि 21 दिसंबर को जग्गाहेड़ी टोल प्लाजा पर महापंचायत का बिगुल बज चुका है और अब टोल प्लाजा की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संगठन राष्ट्रीय स्तर की महापंचायत से भी पीछे नहीं हटेगा।

पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, मंडल प्रवक्ता चंदन त्यागी, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी बालियान, जिला उपाध्यक्ष साऊद हसन सहित अनेक पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *