पुलिस मॉडर्न स्कूल में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, डॉ. नीलम राय ने किया शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर दृष्टि के उद्देश्य से पुलिस मॉडर्न स्कूल, मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को एक निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी डॉ. नीलम राय द्वारा किया गया। इस अवसर पर वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

यह नेत्र परीक्षण शिविर रोटरी क्लब स्टार्स, मुजफ्फरनगर एवं मुजफ्फरनगर आई रिलीफ सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की आंखों की जांच की गई। शिविर के दौरान कुल 150 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। जांच के दौरान बच्चों में पाई गई दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे के उपचार एवं चश्मा आदि के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह, पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सुधा, रोटरी क्लब स्टार्स से श्री मनीष जैन, श्री अनघ सिंघल, श्री गंधर गौतम जैन सहित मुजफ्फरनगर आई रिलीफ सोसाइटी के चिकित्सकगण, विद्यालय का स्टाफ, विद्यार्थी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. नीलम राय ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में अच्छी दृष्टि का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि बच्चों में प्रारंभिक अवस्था में ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका समय रहते समाधान किया जा सके।

विद्यालय प्रशासन ने शिविर के आयोजन के लिए रोटरी क्लब स्टार्स एवं मुजफ्फरनगर आई रिलीफ सोसाइटी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

