तितावी शुगर मिल कर्मचारी के समर्थन में भारतीय किसान मजदूर संगठन का धरना प्रदर्शन,पूर्व चेयरमैन अरुण बालियान पर कमीशन मांगने व मारपीट का आरोप

मुज़फ्फरनगर।
तितावी शुगर मिल के कर्मचारी भानु प्रताप के पक्ष में भारतीय किसान मजदूर संगठन द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना संगठन के जिला अध्यक्ष लोकेश पुंडीर के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

जिला अध्यक्ष लोकेश पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि भानु प्रताप तितावी शुगर मिल में कुटबा–कुटबी तोल कांटे पर फिट्टर के पद पर कार्यरत हैं। भानु प्रताप का आरोप है कि अरुण, जो गन्ना समिति मंसूरपुर मिल का पूर्व चेयरमैन है, उसने तोल कांटे की तोल को लेकर उनसे कमीशन की मांग की थी। कमीशन देने से इंकार करने पर अरुण द्वारा भानु प्रताप के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में पुलिस को सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों और किसान संगठनों में रोष व्याप्त है।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष लोकेश पुंडीर ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही अरुण चेयरमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह धरना प्रदर्शन एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरना स्थल पर तितावी शुगर मिल के जीएम यूनिट हेड बलवंत सिंह गिरवाल भी पहुंचे और उन्होंने किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि तितावी शुगर मिल भानु प्रताप के साथ खड़ी है तथा मारपीट करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई कराई जाएगी। मिल प्रबंधन की ओर से दिए गए इस आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

धरना प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष लोकेश पुंडीर, युवा जिला अध्यक्ष बिल्लू राणा, शामली जिला अध्यक्ष लाखन राणा, सागर ठाकुर, सुधीर सोम सहित सैकड़ों किसान यूनियन मजदूर संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *