ठंड के मद्देनजर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने रैन बसेरों का किया देर रात निरीक्षण

मुजफ्फरनगर, 14 दिसंबर 2025।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए तहसील सदर क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर बने रैन बसेरों में की गई व्यवस्थाओं का देर रात्रि निरीक्षण किया। उन्होंने रैन बसेरों में साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश एवं ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रैन बसेरों में कोई भी आगंतुक अथवा निराश्रित व्यक्ति जमीन पर न सोने पाए। इसके लिए फोल्डिंग बेड, प्लंग व अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई व्यक्ति जमीन पर सोता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बढ़ती ठंड के कारण सड़कों पर सो रहे निराश्रित व्यक्तियों को तत्काल रैन बसेरों में भिजवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को रेलवे स्टेशन, रोडवेज एवं शेल्टर होम के बाहर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *