एसडीएम अपूर्वा यादव ने बुढ़ाना-शाहपुर के रैन बसेरों का किया औचक निरीक्षण
Anuj Tyagi Post
मुज़फ्फरनगर।
जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर बुढ़ाना तहसील क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में बुढ़ाना की एसडीएम अपूर्वा यादव ने नगर पंचायत क्षेत्र में बने रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही बुढ़ाना एवं शाहपुर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में ठहरे लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, गर्म बिस्तर, कंबल, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की गहनता से जांच की गई। एसडीएम अपूर्वा यादव ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं।
एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रैन बसेरों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से ठंड के मौसम में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

