­

उज्ज्वल राणा प्रकरण में 48 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं, छात्रों का एसएसपी कार्यालय पर हंगामा — धर्मेंद्र मलिक बोले, प्रशासन ने तोड़ा भरोसा

मुज़फ्फरनगर। उज्ज्वल राणा आत्मदाह प्रकरण में पुलिस द्वारा दिए गए 48 घंटे बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज़ छात्र गुरूवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की जानकारी मांगी। छात्रों ने कहा कि पुलिस ने समय तो मांगा था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

छात्रों के बुलाने पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि “पुलिस और प्रशासन के आश्वासन पर बुढ़ाना में धरना समाप्त किया गया था, लेकिन अब छात्र और परिजन राजनैतिक व सामाजिक लोगों से जवाब मांग रहे हैं। प्रशासन को अपना वायदा निभाना चाहिए। अफसोस है कि एक छात्र के आत्मदाह के बाद भी प्रशासन की निंद्रा नहीं टूटी है।”

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही कार्रवाई होगी। इस पर छात्रों ने कहा कि “अब धोखा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, प्रशासन का वादा आदेश माना जाता है, लेकिन उज्ज्वल के परिवार के आंसू पोंछने तक की कोशिश नहीं की जा रही।”

छात्रों ने ऐलान किया कि 16 नवंबर को होने वाली शोकसभा में आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

कार्यक्रम में सुधीर पंवार, बिजेंद्र बालियान, कपिल बालियान, नसीम, अंकित, शहजाद राव, विशु मलिक, विक्रांत सहित सैकड़ों छात्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed