मुज़फ्फरनगर। स्थानीय सामाजिक माहौल में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिनांक 9 नवंबर 2025 को S.S.K. पब्लिक स्कूल रुड़की रोड परिसर में K.D.M. स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी का भव्य शुभारंभ किया गया। इस क्रिकेट स्पोर्ट्स अकादमी का उद्घाटन संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रसाद शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष शरद शर्मा, मुज़फ्फरनगर लोकपाल नीरज शर्मा, तथा वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता मीनाक्षी स्वरूप द्वारा किया गया।

देश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और ऊर्जा को ध्यान में रखते हुए K.D.M. स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा विद्यालय परिसर में क्रिकेट नेट प्रैक्टिस और प्रोफ़ेशनल कोचिंग की सुविधा शुरू की गई है। इस अकादमी में 14 वर्ष, 16 वर्ष और 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अलग-अलग कोचिंग प्रोग्राम निर्धारित किए गए हैं। इस क्रिकेट अकादमी में अनुभवी और प्रशिक्षित कोच की टीम तैनात की गई है, जिसमें धीरज शर्मा को हेड कोच की महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि खेल युवा पीढ़ी में ऊर्जा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे लाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार नई योजनाएँ लागू कर रही हैं। साथ ही उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हालिया वर्ल्ड कप फाइनल जीत की बधाई देते हुए कहा कि महिला खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है और इस जीत से नारी शक्ति खेल जगत में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने अकादमी के संचालकों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अकादमी भविष्य में जिले से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रामप्रसाद शर्मा ने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही जीवन के विकास की मूलभूत आधारशिला हैं। शिक्षा जहां बौद्धिक विकास करती है वहीं खेल शारीरिक, मानसिक संतुलन और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह अकादमी मुज़फ्फरनगर के युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान करेगी।

हेड कोच धीरज शर्मा ने कहा कि इस अकादमी में बच्चों को तकनीकी, मानसिक और शारीरिक सभी स्तरों पर प्रोफ़ेशनल ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी। लक्ष्य सिर्फ खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करना नहीं, बल्कि उनके अंदर खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी मीनाक्षी स्वरूप, लोकपाल नीरज शर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष शरद शर्मा सहित नंदकिशोर पाल मंडल अध्यक्ष भाजपा, राजेंद्र प्रताप, अनुज त्यागी,राकेश त्यागी, संदीप चौधरी, मानू, मंजू शर्मा, सुलोचना शर्मा, अभीनंदिनी शर्मा, वंशिका शर्मा, पुष्टि, ममता शर्मा (बिल्लो) और खेल प्रशिक्षण में भाग लेने वाले दर्जनों खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *