किसानो ने चरथावल सहकारी समिति के कर्मचारी पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, थाने में शिकायत पत्र देकर की कार्यवाही की मांग।

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के कुटेसरा गांव निवासी आधा दर्जन से अधिक किसानों ने सहकारी समिति चरथावल के कर्मचारी मोहसिन पर गंभीर आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। किसानो का कहना है कि उन्होंने समिति से कृषि ऋण लिया था, जिसके बाद थाना क्षेत्र के गांव पावटी निवासी सहकारी समिति के कर्मचारी मोहसिन पुत्र यासीन ने उनसे 5% कमीशन की मांग की।

सभी पीड़ित किसानो ने आरोप लगाया कि उन्होंने मोहसिन को रकम दे दी थी, लेकिन कर्मचारी ने पैसे समिति में जमा नहीं किए। इसके बाद मोहसिन खुद समिति का नोटिस लेकर किसानो के घर पहुंचा और पैसे जमा करने का दबाव बनाने लगा। जब किसानो ने जमा रसीद और विवरण मांगा तो कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

किसानो का कहना है कि समिति में इस तरह की लापरवाही और मनमानी लंबे समय से चल रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि कर्मचारी किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं।

सभी पीड़ित किसानों ने किसान नेता शाहबाज त्यागी के साथ चरथावल थाने में पहुंच कर शिकायत पत्र देते हुए आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय किसानों में आक्रोश व्याप्त है और वे समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *