चरथावल में टोंटी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोष, समाजसेवी वरुण त्यागी और शिवम वर्मा ने नगर पंचायत को सौंपा ज्ञापन।

असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में इन दिनों टोंटी चोरी की घटनाओं ने नगरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही चोरी के कारण जगह-जगह पानी की बर्बादी हो रही है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर समाजसेवी वरुण त्यागी और शिवम वर्मा के नेतृत्व में लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी महेश बाबू को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि कस्बे में जल निगम द्वारा लगाई गई अधिकांश टोंटियां चोरों द्वारा चोरी कर ली गई हैं, जिससे टंकियों और पाइपलाइनों से लगातार पानी बह रहा है। न सिर्फ पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैल रही है।
समाजसेवियों ने मांग की है कि नगर पंचायत जल्द से जल्द चोरी हुई टोंटियों को बदलवाए, और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही, पुलिस प्रशासन से चोरों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है। महेश बाबू ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जल बर्बादी रोकने के लिए मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

