आजमगढ़ में पुलिस-एसटीएफ की मुठभेड़ में ₹50,000 का इनामी अपराधी वाकिफ ढेर, तीन साथी फरार; कई जिलों में दर्ज थीं 44 से अधिक वारदातें
आजमगढ़: जिले में शुक्रवार को एसटीएफ, स्वाट टीम और थाना सिधारी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए रौनापार थाना क्षेत्र के जोकहरा गांव के पास पुलिया के पास बदमाशों को घेर लिया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे।
घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया पहुंचाया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया, लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बदमाश की पहचान वाकिफ के रूप में हुई है, जिस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था।
वाकिफ के खिलाफ गौ तस्करी, चोरी, हत्या, लूट और अवैध हथियारों की तस्करी सहित गंभीर धाराओं में 44 से अधिक मुकदमे आजमगढ़, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर और जौनपुर समेत कई जिलों में दर्ज थे।
पुलिस ने घटनास्थल से असलहे, कारतूस और अन्य आपराधिक साक्ष्य बरामद किए हैं। फरार तीन बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों के नेटवर्क को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में अपराध पर सख्त नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#Azamgarh #UPPolice #STF #Encounter #WantedCriminal #LawAndOrder #CrimeControl #PoliceAction #UttarPradesh #BreakingNews

