Anuj Tyagi


चेयरमैन जहीर फारूकी ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से चंदौसी में की मुलाकात, पुरकाजी में राजकीय इंटर कॉलेज बनाने की रखी मांग

मुज़फ्फरनगर।
पुरकाजी नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी ने रविवार को चंदौसी जाकर उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्रीमती गुलाब देवी से मुलाकात की और पुरकाजी में एक राजकीय इंटर कॉलेज स्थापित करने की मांग रखी। इस दौरान उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि देश की आज़ादी के बाद से अब तक पुरकाजी कस्बे में एक भी सरकारी इंटर कॉलेज नहीं बना, जिससे गरीब और ग्रामीण बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।

चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि कॉलेज निर्माण के लिए उन्होंने अपने निजी खर्च पर 8 बीघा भूमि दान कर दी है। इस भूमि के बैनामे के कागज़ात जिलाधिकारी मुज़फ्फरनगर को कई माह पूर्व सौंपे जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक की संस्तुति लेकर कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है, लेकिन अब तक शासन स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि पुरकाजी की आबादी वर्तमान में लगभग 40 हज़ार है, जबकि देहात क्षेत्र में स्थित एकमात्र राजकीय इंटर कॉलेज में पहले से ही क्षमता से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में कस्बे में एक नया सरकारी इंटर कॉलेज स्थापित होना शिक्षा और जनहित दोनों के लिए आवश्यक है।

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने चेयरमैन जहीर फारूकी के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के प्रति जो समर्पण दिखाया है, वह प्रशंसनीय है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि पुरकाजी में जल्द ही राजकीय इंटर कॉलेज बनवाने का प्रयास किया जाएगा, साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश में शिक्षा के विस्तार को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं।

गौरतलब है कि चेयरमैन जहीर फारूकी पिछले काफी समय से इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने इससे पहले भी लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव सिंह से मुलाकात की थी और बिजनौर सांसद चंदन चौहान को भी पुरकाजी की जनता की ओर से ज्ञापन सौंपा था।

#Muzaffarnagar #Purkaji #UPEducation #GulabDevi #UPNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *