Anuj Tyagi
गाजियाबाद: खेत जाते समय हादसा, ग्राम प्रधान पति रजनीश त्यागी की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत
गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र के गांव सौंदा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया। ग्राम प्रधान पूनम त्यागी के पति रजनीश त्यागी, जो किसान भी थे, की खेत जाते समय ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे रजनीश त्यागी अपने साथी ब्रजेश के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे रजनीश त्यागी वाहन के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि रजनीश त्यागी मिलनसार और समाजसेवी स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव शोक में है।
घटना की जानकारी पर एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह से दुर्घटनावश हादसा प्रतीत होता है।
वहीं, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने भी रजनीश त्यागी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी है।
गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा और लोग बड़ी संख्या में परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।

