गन्ना किसानों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 30 रुपये कुंतल दर वृद्धि पर भाकियू अराजनैतिक ने जताया आभार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि किए जाने के फैसले का भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा।

धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 35 लाख गन्ना किसान हैं और प्रदेश की 122 शुगर मिलों से जुड़े करीब 50 लाख किसान-मजदूर परिवारों का जीवन गन्ने पर निर्भर है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिया गया यह निर्णय किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल किसानों की आय बढ़ाएगा बल्कि गन्ना उद्योग को मक्का, पॉपलर और नेपियर घास जैसी वैकल्पिक फसलों से मिल रही चुनौती का सामना करने में भी मदद करेगा।

भाकियू अराजनैतिक ने हाल ही में रबी फसलों के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान, किसानों को फ्री बिजली, यूरिया के दामों में कमी और ऋणमाफी जैसे फैसलों के लिए भी उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

धर्मेंद्र मलिक ने कहा, “योगी आदित्यनाथ जी ने हर बार किसान हित में फैसले लिए हैं। यह गन्ना दर वृद्धि किसानों के लिए दिवाली जैसा तोहफा है।”

— भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक)
धर्मेंद्र मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *