बाबा केदारनाथ धाम के कपाट कल प्रातः 8:30 बजे बंद होंगे, शुरू हुई विशेष पूजा-अर्चना
रुद्रप्रयाग।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल दिनांक 23 अक्टूबर, 2025 (गुरुवार) को प्रातः 8:30 बजे पूर्ण वैदिक विधि-विधान, मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकाल हेतु विधिवत बंद किए जाएंगे।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया कल प्रातः चार बजे से ही विशेष पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगी। कपाट बंद होने के उपरांत बाबा केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा धाम से ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। यह डोली यात्रा प्रथम पड़ाव रामपुर और द्वितीय पड़ाव गुप्तकाशी से होते हुए ऊखीमठ पहुंचेगी, जहां बाबा केदारनाथ जी की डोली का भव्य स्वागत किया जाएगा।
शीतकाल के दौरान बाबा केदारनाथ जी की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में नियमित रूप से सम्पन्न की जाएगी।
इस वर्ष अब तक लगभग 17.39 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया है।
कपाट बंद होने के अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन, यात्रा प्रबंधन एवं संबंधित विभागों द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (से.नि.), मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस यात्रा सत्र में धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने बताया कि कपाट बंद होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, तथा तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

