Rvikant Tyagi
🎭 बॉलीवुड को बड़ा झटका: मशहूर कॉमेडियन असरानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन
नई दिल्ली।
भारतीय सिनेमा के दिग्गज हास्य कलाकार असरानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले पांच दिनों से मुंबई के जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती थे, जहां सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
असरानी का पूरा नाम गोवर्धन असरानी था। 1 जनवरी 1941 को जयपुर में जन्मे असरानी ने 1960 के दशक में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने करीब 400 से अधिक फिल्मों में काम किया और अपनी कॉमिक टाइमिंग से हर उम्र के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
‘शोले’ में उनका मशहूर डायलॉग “अंग्रेजों के ज़माने का जेलर” आज भी लोगों की जुबान पर है। ‘चुपके चुपके’, ‘बावर्ची’, ‘खट्टा मीठा’ जैसी फिल्मों में उनकी सादगी और हास्य का अनोखा मेल उन्हें हिंदी सिनेमा का बेमिसाल कलाकार बनाता है।
असरानी की शुरुआती पढ़ाई जयपुर के सेंट जेवियर स्कूल से हुई थी और उन्होंने राजस्थान कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक रेडियो आर्टिस्ट के रूप में काम किया।
उनकी पत्नी मंजू बंसल ईरानी भी अभिनेत्री हैं, जिनके साथ असरानी कई फिल्मों में नजर आए। असरानी ने अभिनय के साथ-साथ 2004 में राजनीति में भी कदम रखा था और कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे।
असरानी के मैनेजर बाबूभाई थीबा ने बताया कि अभिनेता का अंतिम संस्कार सोमवार शाम सांताक्रूज वेस्ट स्थित शास्त्री नगर श्मशान गृह में किया गया। निधन से कुछ घंटे पहले ही असरानी ने पत्नी से कहा था कि वे अपने अंतिम संस्कार में किसी तरह का तामझाम नहीं चाहते।
असरानी ने अपने जीवन में संघर्ष के दौर से गुजरते हुए ‘गुड्डी’ फिल्म से डेब्यू किया था। यह फिल्म सुपरहिट रही और उन्होंने अपनी प्रतिभा से दर्शकों के बीच जगह बना ली। आज वे नहीं हैं, लेकिन उनका हास्य और उनके संवाद सदा लोगों को मुस्कुराने की वजह देते रहेंगे।


