सचिन त्यागी


बागपत में सनसनीखेज तिहरा हत्याकांड — मौलाना की पत्नी और दो बच्चों की बेरहमी से हत्या, डीआईजी ने बनाई पांच टीमें

बागपत। जिले के गांगनोली गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मौलाना इब्राहिम की पत्नी और दो मासूम बेटियों की हत्या कर दी गई। घर से तीनों के लहूलुहान शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मौलाना के आवास, जो मस्जिद के ऊपर स्थित है, पर उनकी पत्नी 32 वर्षीय इसराना, 5 वर्षीय सोफिया और 3 वर्षीय सौम्या मृत अवस्था में मिलीं। घटना से गांव में आक्रोश फैल गया और मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जमा हो गए। आक्रोश के बीच पुलिस से धक्कामुक्की और नोकझोंक भी हुई।

मौके पर पहुंचे डीआईजी कलानिधि नैथानी ने स्थिति का जायजा लेते हुए एसपी बागपत सूरज कुमार राय के नेतृत्व में पांच जांच टीमें गठित कीं। डीआईजी ने कहा कि अपराधियों की तलाश के लिए सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।

एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फोरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मस्जिद में रहने वालों और आने-जाने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। मौलाना से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *