Anuj Tyagi


🏏 अहमदाबाद टेस्ट: राहुल, जुरेल और जडेजा के शतक से भारत का दबदबा, 286 रन की मजबूत बढ़त

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 448 रन बना लिए हैं और 286 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है।

भारत की ओर से आज तीन शतक देखने को मिले। सबसे पहले केएल राहुल ने 197 गेंदों पर 100 रन की शानदार पारी खेलकर अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक जड़ा। इसके बाद युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने 210 गेंदों पर 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 125 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक है। खास बात यह रही कि जुरेल भारत में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक बनाने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बने। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने 2011 में कोलकाता में 144 रन बनाए थे, जबकि फारुख इंजीनियर ने 1967 में चेन्नई में 109 रन जड़े थे।

रवींद्र जडेजा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का छठा शतक पूरा किया। उन्होंने 176 गेंदों पर 104 रन बनाए और पारी के अंत तक नाबाद लौटे। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। जडेजा और जुरेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 206 रन की अहम साझेदारी हुई।

वेस्टइंडीज की पहली पारी 162 रन पर सिमट गई थी। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 3, कुलदीप यादव ने 2 और वाशिंगटन सुंदर ने 1 विकेट हासिल किया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *