Anuj Tyagi


एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने मनाया अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस

बहराइच। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस 2025 के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा स्थित आईसीपी रुपईडीहा के कॉन्फ्रेंस हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों का कोई विकल्प नहीं है। यह हर्ष का विषय है कि आज लैंड पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में पहली बार वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह अलख जो यहां जगाई गई है, वह रुपईडीहा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने 92 वर्षीय समाजसेवी केदारनाथ अग्रवाल को, जो पिछले 50 वर्षों से समाज के उत्थान एवं रामलीला आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, परिवार सहित अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही लैंड पोर्ट रुपईडीहा के वरिष्ठ नागरिक निरीक्षक (सेवानिवृत्त) राजकुमार वर्मा और सेवानिवृत्त निरीक्षक राम निरंजन को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कस्टम के सुप्रिटेंडेंट धर्मेंद्र शशांक, इंस्पेक्टर अनुराग श्रीवास्तव, प्लांट क्वॉरेंटाइन के सहायक निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार, एसएसबी के इंस्पेक्टर भारत पाठक और बैंक ऑफ इंडिया के राम अवध सिंह ने भाग लिया।

उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुष्कर राय, अरुण रमन, विवेक श्रीवास्तव, ओमपाल सिंह, अमित सिंह और नरेंद्र दुबे का विशेष सहयोग रहा। संचालन आईसीपी प्रबंधक सुधीर जी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को उचित सम्मान एवं सुरक्षा देने के संबंध में विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *