Anuj Tyagi


सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव को लेकर दिए सख्त निर्देश, कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरने का आह्वान

मुजफ्फरनगर।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट, चरथावल विधायक पंकज मलिक और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने लखनऊ में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने जिले की संगठनात्मक गतिविधियों, पंचायत चुनाव की तैयारियों और स्थानीय राजनीतिक हालात की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने आगामी पंचायत चुनाव को पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव सिर्फ स्थानीय प्रतिनिधि चुनने तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये पार्टी की जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को भी साबित करते हैं।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि जिले में घट रही हर बड़ी घटना पर पैनी नजर रखी जाए और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) समाजवादी पार्टी की रीढ़ है और इन वर्गों की एकजुटता बनाए रखना पार्टी की जीत की कुंजी है। वोटर लिस्ट से जुड़े अभियान में सक्रियता बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने की भी अपील की गई।

सपा अध्यक्ष ने साफ कहा कि जिले में किसी भी स्तर पर संगठन ढीला नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने जिलाध्यक्ष, विधायक और पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से सीधा संवाद करें और पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी महत्वपूर्ण घटनाओं और राजनीतिक गतिविधियों से सपा हाईकमान को लगातार अवगत कराया जाए ताकि समय रहते आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।

इस मुलाकात में सपा नेता सर्वेंद्र राठी, सपा सभासद वाजिद मलिक, नदीम खान, सत्तार मंसूरी, सलीम समेत कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पंचायत चुनाव को मजबूती से लड़ने का संकल्प दोहराया और कहा कि समाजवादी पार्टी जिले में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी।


 


#समाजवादीपार्टी #अखिलेशयादव #SamajwadiParty #AkhileshYadav


#सपामुजफ्फरनगर #पंचायतचुनाव2025 #SPMuzaffarnagar #PanchayatElections2025


#संगठनकीताकत #सपायुवाशक्ति #TeamSP #SPYouthPower


#गांवगांवसपा #सपाकामिशन #UnitedForChange #MissionSP


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *