संगठन सशक्तिकरण के लिए अहम जिम्मेदारी सौंपी गई
लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन की पूर्व कोषाध्यक्ष प्रियंका चौधरी अत्री को मेरठ मंडल का सदस्यता प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर, राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी तथा प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय की अनुशंसा पर की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम आदित्य सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए विश्वास जताया कि प्रियंका चौधरी अत्री अपने दायित्व का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी। उन्होंने कहा कि वे चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाते हुए संगठन को सशक्त बनाएंगी।
एडवोकेट प्रियंका चौधरी इससे पहले भी रालोद महिला प्रकोष्ठ गौतमबुद्ध नगर की जिला अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। लोकसभा व विधानसभा चुनावों में उन्होंने डोर-टू-डोर प्रचार कर पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठन में उनकी सक्रियता, समझ और जनसंपर्क कौशल को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।



