युवक जुए में हार गया ₹ 25 हजार, फिर पुलिस को दे दी लूट की झूठी सूचना, भेजा जेल

मुजफ्फरनगर: जुएं में 25 हजार रूपये हारने के बाद घर वालों के डर से एक युवक ने 25000 रुपए की लूट की झूठी सूचना सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने गहनता से जांच की तो लूट की सूचना झूठी पाई गई। पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले आरोपी का चालान करते हुए जेल भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना इलाके के गांव दधेडू कलां निवासी शिवा पुत्र सतवीर पंजाब में भट्टे पर काम करता है।बताया जाता है कि शिवा भट्ठे से अपने घर पर आया हुआ था। दिनांक 6 अगस्त 2025 को सोशल मीडिया पर शिवा ने अपने साथ ₹ 25000 की लूट होने की सूचना वायरल कर दी। घटना की सूचना पर चरथावल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में गहनता से जांच करनी शुरू कर दी।वही घटनास्थल का सीओ सदर देवव्रत वाजपेई के द्वारा भी निरीक्षण किया।बताया जाता है कि जब पुलिस को शिवा पर शक हुआ तो पुलिस ने शिवा के साथ सख़्ती से पूछताछ शुरू कर दी। बताया जाता है कि पुलिस पूछताछ में शिवा ने सारा सच उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह कल जुए में 25 हजार रुपए हार गया था। घर वालों को यह बात बताने की उसकी हिम्मत नहीं हो रही थी। घर वालों के गुस्से से बचने के लिए उसने लूट की झूठी सूचना दी थी। लूट की झूठी सूचना देने वाले शिवा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।चरथावल थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में दधेडु चौकी प्रभारी संजय तोमर ने लूट की सूचना देने वाले आरोपी शिवा को जेल भेज दिया

