मुजफ्फरनगर में भाजपा की स्थिति और प्रशासन के रवैये पर RLD नेता सुधीर भारतीय ने उठाए सवाल, अपनी ही पार्टी के नेताओं को दी नसीहत

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता सुधीर भारतीय ने अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से मुजफ्फरनगर के ताजा राजनीतिक हालात, प्रशासन के रवैये और भाजपा व रालोद नेताओं की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में भाजपा नेताओं को बैकफुट पर बताते हुए इसके पीछे पार्टी की अंतर्कलह को एक कारण बताया है। साथ ही रालोद नेताओं को भी समय रहते संभलने और पार्टी हित में काम करने की नसीहत दी है।

सुधीर भारतीय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मुजफ्फरनगर में प्रशासन सपा नेताओं के भारी दबाव में दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार सार्वजनिक स्थानों पर सपा नेता भाजपा नेताओं पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं, उससे जनपद में प्रशासन के रवैये के चलते भाजपा बैकफुट पर नजर आ रही है।

उन्होंने इसे भाजपा की अंतर्कलह का परिणाम बताते हुए रालोद नेताओं को भी इससे सबक लेने की सलाह दी। सुधीर भारतीय ने लिखा कि रालोद नेताओं को अपने निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर पार्टी हित में काम करना चाहिए, अन्यथा आने वाले समय में सपा नेताओं के सामने उन्हें भी ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

अपनी पोस्ट में उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका का जिक्र करते हुए लिखा कि उनका काम सचेत करना है, जबकि कार्यकर्ता के तौर पर मेहनत करना, लड़ना, मुकदमे लेना और जेल जाना उनकी जिम्मेदारी रही है और आगे भी वे इसे निभाते रहेंगे।

सुधीर भारतीय ने सत्ता का सुख भोग रहे नेताओं को समय रहते सुधार करने की नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव लड़ना नेताओं का काम है। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय रालोद’ और ‘जय गठबंधन’ लिखकर अपनी बात समाप्त की।

#Muzaffarnagar #RLD #UPPolitics #RajsattaPost #PoliticalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed