चरथावल पुलिस और एसओजी की बदमाश से मुठभेड़, डकैती में शामिल 25 हज़ार का इनामी बदमाश प्रवीण घायल।

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। चरथावल थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की देर रात एक कुख्यात बदमाश से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 25 हज़ार का इनामी बदमाश प्रवीण उर्फ कुक्कू घायल हो गया।घायल बदमाश के पास से तमंचा और बाइक बरामद हुई है।सूचना पर सीओ सदर देवव्रत वाजपेई मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पकड़ा गया बदमाश मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य है।


चरथावल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वांछित बदमाश क्षेत्र में मौजूद है। वह चरथावल क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने आया था।इसी सूचना के आधार पर चरथावल प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह के नेतृत्व में एसआई पुष्पेंद्र सिंह,कांस्टेबल सोहनवीर,अर्जुन,सुशील,घनश्याम आदि ने एसओजी टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने रात्रि दधेडू पुलिस चौकी के निकट हाईवे पर एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया।इसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान शामली जनपद के कैराना थाना क्षेत्र निवासी प्रवीण उर्फ कुक्कू के रूप में हुई है। प्रवीण पिछले महीने शामली जिले में हुई डकैती में वांछित था।उस पर विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। मौके पर पहुंचे सीओ सदर देवव्रत वाजपेई ने बताया कि प्रवीण उर्फ कुकू शातिर किस्म का बदमाश है। वह जनपद और अन्य जनपदों में लूट, हत्या व अन्य आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस बदमाश का अन्य आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *