पत्रकारों ने ककरौली थाने पर किया प्रदर्शन, फर्जी मुकदमा हटाने की मांग
पुलिस को दिया रविवार तक का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन

मुजफ्फरनगर। ककरौली पुलिस द्वारा पत्रकार नूर मोहम्मद के खिलाफ दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमे के विरोध में रविवार को जनपद के सैकड़ों पत्रकारों ने ककरौली थाने पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन पर स्वतंत्र पत्रकारिता का दमन करने का आरोप लगाया और फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कम्हेड़ा में बाइक सवार दो युवकों द्वारा एक बच्चे के कथित अपहरण की सूचना सामने आई थी। पत्रकार नूर मोहम्मद ने एक जिम्मेदार पत्रकार के तौर पर पहले इस सूचना की पुष्टि के लिए संबंधित दरोगा से संपर्क किया, जिन्होंने इसकी जानकारी मिलने की पुष्टि भी की। इसके बाद नूर मोहम्मद ने सूचना प्रसारित की, लेकिन SHO के आग्रह पर उन्होंने तुरंत ही खबर को डिलीट भी कर दिया।

इसके बावजूद रात्रि में नूर मोहम्मद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जब यह जानकारी जनपद के पत्रकारों को हुई तो उन्होंने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए विरोध का ऐलान किया। दोपहर में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन व उपज संगठन से जुड़े जानसठ, मीरापुर, रामराज, मोरना, भोपा, ककरौली, खतौली, पुरकाजी, छपार आदि क्षेत्रों के सैकड़ों पत्रकार ककरौली थाने पर एकत्र हो गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

पत्रकारों ने थानाध्यक्ष से वार्ता कर फर्जी मुकदमा तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग की। पुलिस ने वार्ता में मुकदमा वापस लेने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद पत्रकारों ने रविवार तक का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो सोमवार से जनपद स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

पत्रकार संगठनों ने स्पष्ट कहा कि वे प्रेस की स्वतंत्रता से कोई समझौता नहीं करेंगे और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *