सहारनपुर। डाक कांवड़ के अंतिम दो दिवस और शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जनपद में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
एन्ट्री प्वाइंट्स पर पम्पलेट वितरण और पीए सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं व आमजन को तेज गति से वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी कंट्रोल सेंटर के माध्यम से भी लगातार वाहन चालकों को सचेत किया जा रहा है, साथ ही चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
23 जुलाई को शिवमंदिरों पर मुख्य फोकस रहेगा। पुलिस कर्मियों के ड्यूटी चार्ट तैयार करके उन्हें ब्रीफ किया गया है। सभी राजपत्रित अधिकारियों को सुबह 6 बजे से ही मंदिरों की व्यवस्थाएं जांचने के लिए निर्देशित किया गया है। अभिसूचना इकाई एवं फायर टीम को मंदिरों में रात में चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।शिवरात्रि पर जलाभिषेक के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की सहायता से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने बताया कि यात्रा और पर्व के दौरान सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने हेतु पुलिस पूरी तरह अलर्ट है, किसी भी प्रकार की चूक न हो इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

