कांवड़ यात्रा-2025 की तैयारियों का एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2025 को सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर आईपीएस सत्यनारायण प्रजापत ने थानाक्षेत्र पुरकाजी, छपार और नई मंडी स्थित कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन, बैरियर, रिफलेक्टर और दिशा सूचक फ्लैक्स बोर्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं को चेक किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी करने और शिवभक्तों के साथ शालीन व्यवहार कर उनकी हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू कराने, कांवड़ मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग करने और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने या किसी अप्रिय घटना की सूचना पर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाए और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने कांवड़ मार्ग पर यातायात का संचालन भी स्वयं कराया, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा-2025 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इसके लिए हर स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

