भूराहेड़ी बॉर्डर पर पहुंचे बिजनौर सांसद चंदन चौहान, कांवड़ियों को वितरित किए पेयजल पदार्थ, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुज़फ्फरनगर। बिजनौर से लोकसभा सांसद चंदन चौहान ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित भूराहेड़ी बॉर्डर का दौरा कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर और DIG सहारनपुर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद ने लोकदल नेता अजीत राठी और नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारुकी के साथ कांवड़ियों को पेयजल और अन्य आवश्यक पदार्थ वितरित किए। उन्होंने शिवभक्तों के स्वागत के लिए नगर पंचायत पुरकाजी द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और स्थानीय निकायों ने बेहतरीन इंतजाम किए हैं।
नगर पंचायत के पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सांसद चंदन चौहान ने दो मंजिला कार्यालय से कांवड़ियों और आमजन को संबोधित करते हुए NDA परिवार की ओर से सभी शिवभक्तों का स्वागत किया। भूराहेड़ी से लेकर फलौदा तक लगे स्पीकरों पर उनके संबोधन को श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सुना।

सांसद ने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारे प्रदेश की आस्था और भाईचारे की मिसाल है, और सरकार इसके शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

