सहारनपुर की घटना पर बोले सपा सांसद हरेंद्र मलिक, कहा- सड़क से संसद तक लड़ी जाएगी लड़ाई, कांवड़ यात्रा बाद मुजफ्फरनगर में महापंचायत का ऐलान
मुजफ्फरनगर। सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि सहारनपुर में इकरा हसन के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।
सांसद मलिक ने बताया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी और जनता के हकों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।
क्या है सहारनपुर प्रकरण: सपा सांसद इकरा हसन ने ADM पर लगाया अभद्रता का आरोप
सहारनपुर में कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने ADM संतोष बहादुर सिंह पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। आरोप है कि 1 जुलाई को जब सांसद नगर पंचायत छुटमलपुर की समस्याओं को लेकर ADM से मिलने गईं, तब ADM ने उन्हें और छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन को “गेट आउट” कहकर बाहर निकालने को कहा। इस घटना की शिकायत सांसद ने मंडलायुक्त से की है। सांसद का कहना है कि वे जनता की समस्याओं को लेकर ADM से शिष्टाचार पूर्वक मिलने गई थीं, लेकिन उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।

