राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने कहा – गांव के गरीब, वंचितों को राजनीति की मुख्यधारा में लाना होगा
राजसत्ता पोस्ट।जयपुर
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा है कि पार्टी को मजबूत करने के लिए गांव के गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को राजनीति की मुख्यधारा में लाना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं की अलग पहचान है और हमें सदस्यता अभियान को तेज कर पार्टी का विस्तार करना है।

चौधरी जयंत सिंह शुक्रवार को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जोगेंद्र सिंह अवाना के नेतृत्व में आयोजित किया गया था।
किसानों के विकास से ही देश का विकास संभव
केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए किसानों का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती की पद्धति छोड़कर आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीके अपनाने की अपील की, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और गांव आत्मनिर्भर बनें।
युवाओं को रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण पर फोकस
अपने मंत्रालय से जुड़े कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाए। इसके साथ ही महिला समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया और पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।P

