आसमानी आफत: सहसपुर के चोरखाले में पानी का सैलाब, बाल-बाल बचे दो युवक
देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक तेज बारिश के बाद चोरखाले में जलसैलाब आ गया। इस दौरान दो युवकों ने लापरवाही दिखाते हुए मोटरसाइकिल के साथ उफनते नाले को पार करने की कोशिश की। तेज बहाव में मोटरसाइकिल समेत एक युवक फिसल कर बह गया। हालांकि कुछ दूरी पर युवक की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी का बहाव इतना तेज था कि पल भर में युवक बाइक समेत गिर गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो भी स्थानीय लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान ऐसे जोखिम भरे प्रयास न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन ने नालों व खालों के किनारे जाने से बचने की चेतावनी दी है।

