ADM और SDM ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, घटिया सड़क निर्माण पर जलनिगम को लगाई फटकार

राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इसी कड़ी में ADM प्रशासन संजय कुमार और SDM सदर निकिता शर्मा ने सोमवार को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारी भूराहेड़ी बॉर्डर तक पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रा मार्ग पर सफाई, पानी, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारुकी और EO पुरकाजी भी मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय पंवार और वीरेंद्र ने अधिकारियों के समक्ष जलनिगम पर सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग करने और नई बनी सड़क के अभी से उखड़ने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरेंगे, ऐसे में घटिया सड़क निर्माण से हादसे होने का खतरा बना रहेगा।

शिकायत सुनने के बाद ADM संजय कुमार ने मौके पर मौजूद जलनिगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार करने और जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। ADM ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी।

अधिकारियों ने मार्ग पर साफ-सफाई, शीतल जल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और चिकित्सा व्यवस्था को भी जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *