NH-58 पर कांवड़ियों और ढाबा मालिक में विवाद, खाने में प्याज मिलने और भुगतान को लेकर हुआ झगड़ा, ढाबे में तोड़फोड़
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार देर रात मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित एक ढाबे पर कांवड़ियों और ढाबा मालिक के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद कांवड़ियों ने ढाबे में तोड़फोड़ कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात को काबू में किया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा से कांवड़ लेकर आ रहे कुछ कांवड़िये देर रात करीब 3 बजे श्री सिद्ध बाबा बालकनाथ ढाबे पर भोजन करने रुके थे। आरोप है कि कांवड़ियों को परोसे गए खाने में प्याज मिली, जिससे उनकी धार्मिक आस्था आहत हुई। इस बात को लेकर कांवड़ियों में नाराजगी बढ़ गई और मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत
ढाबा मालिक धीरज पंवार ने बताया कि कांवड़ियों ने खाना खाने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए, तो उन्होंने भुगतान करने से मना कर दिया। इसी दौरान खाने में प्याज होने की बात कहकर कांवड़ियों ने विरोध जताया और विवाद बढ़ता चला गया। देखते ही देखते कांवड़ियों ने ढाबे में कुर्सियां और बर्तन तोड़ डाले।
तोड़फोड़ के दौरान वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस घटना में एक कांवड़िए को हल्की चोट लगने की भी सूचना है। हंगामे की जानकारी मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया और ढाबे पर स्थिति को सामान्य किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाकर शांत किया गया और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि आगे किसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।
उधर, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी निगरानी में है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

