केदारनाथ धाम यात्रा फिर से सुचारु, यात्रियों को सुरक्षा बलों की मदद से कराया जा रहा पार

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा अस्थाई रूप से रोकने के बाद अब पुनः सुचारु कर दी गई है। आज प्रातःकाल सोनप्रयाग शटल पार्किंग क्षेत्र में गिरे बोल्डर व मलबा हटाए जाने के बाद मार्ग को आवागमन के लिए खोल दिया गया था।

हालांकि, गौरीकुण्ड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी गधेरे के पास भारी मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग बाधित हो गया था, जिसके चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को अस्थाई रूप से रोका गया था।

लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग को साफ करने के उपरांत अब दोनों छोर पर रुके हुए यात्रियों को सुरक्षा बलों की उपस्थिति में आर-पार कराया जा रहा है। यात्रियों को शटल सेवा और पैदल मार्ग से सुरक्षित तरीके से यात्रा कराई जा रही है।

सुरक्षा बलों द्वारा यात्रियों को रास्ता पार कराते समय सहारा दिया जा रहा है और आवश्यक मदद भी प्रदान की जा रही है। सोनप्रयाग क्षेत्र में रोके गए यात्रियों को अब गौरीकुण्ड की ओर भेजा जा रहा है, जिससे केदारनाथ धाम की यात्रा फिर से सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *