। भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा आज भगत सिंह चैक से जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के तत्वावधान में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हुई। पूरे नगर में रथ यात्रा का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया और जगह-जगह 56 भोग अर्पित किए गए। इस दौरान नगर भक्ति और उल्लास में डूबा नजर आया। रथ यात्रा की शुरुआत रणसिंघा की मधुर ध्वनि के साथ हुई, जो यात्रा के शुभारंभ का संकेत दे रहा था। इसके पीछे ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रथ यात्रा के साथ-साथ निकली विविध देवी-देवताओं की झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। हरे कृष्णा हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। 62 फीट लंबे ट्रेल पर चल रही भजन संध्या में भक्तों ने भक्ति रस में डूबकर भजन-कीर्तन किया। भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने के लिए श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ ललायित नजर आए। रथ के आगे पीतांबर वस्त्रधारी महिला-पुरुष भक्ति में लीन होकर नृत्य कर रहे थे, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया। रथ यात्रा भगत सिंह चैक से प्रारंभ होकर बाजार मोरगंज, चैक फव्वारा, शहीद गंज चैकी, सराय, नेहरू मार्केट, श्रीराम चैक, भगत सिंह मार्ग होते हुए घंटाघर पहुंची, जहां क्रेन के माध्यम से भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात कोर्ट रोड पर भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। रथ यात्रा का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पुण्य अवसर से जुड़ सके। रथ यात्रा दिल्ली रोड, आवास विकास स्थित श्री हरि मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। प्रभु श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा का महोत्सव बहुत धूम धाम और हर्षोल्लास से मनाया गया। भक्तजनों ने भक्ति रस में डूब कर ’हरे कृष्णा’ का जाप करते हुए महारथ को अपने हाथो से खींचते हुए शहीद भगत सिंह चैक से मोरगंज शहीद गंज घंटाघर कोर्ट रोड होते हुए हरिमंदिर तक लेकर गए। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं ने जगह जगह स्टॉल लगाकर प्रभु श्री जगन्नाथ जी का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया। पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल सहारनपुर ने इस महोत्सव में 3 स्थानों पर स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरित किया जिसमे मोरगंज बाजार, शहीद गंज बाजार और सोफिया मार्केट शामिल रहे। प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा के नेतृत्व में व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारी शामिल रहे जिसमे प्रदेश महासचिव अनुज गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारती भानु एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि कुमार, प्रदेश सचिव सुशील गुप्ता, जिलाध्यक्ष विनय जैन, जिला महासचिव शांतनु शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण सैनी, रामपुर विधानसभा अध्यक्ष चैधरी संदीप, नविऋषि भानु, अजय गर्ग, शुशील कांबोज आदि शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं आमजन ने पुष्प वर्षा व स्वागत द्वारों से रथ यात्रा का स्वागत किया। सम्पूर्ण आयोजन का सफल नेतृत्व समिति अध्यक्ष श्री संजय करनवाल, भारत करनवाल, रामी धवन, प्रवेश धवन आदि ने किया।

