गजरौला। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक व स्कूटी में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकानदार के शव को सीएचसी में पहुंचाया। स्वजन के आने पर शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
गांव वारसाबाद निवासी 30 वर्षीय प्रमोद कुमार हाईवे किनारे पर स्थित मेला रेस्टोरेंट पर दुकान करते थे। सोमवार की तड़के करीब पांच बजे वह स्कूटी पर सवार होकर घर आ रहे थे कि हाईवे पर मोगा होटल के सामने विपरीत दिशा से जा रही एक बाइक से टक्कर लग गई। टक्कर जोरदार था, जिसकी वजह से स्कूटी सवार प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार गांव महेशरा निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे और पत्नी को छोड़ा है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दुकानदार के शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा। बाकी दूसरे बाइक सवार की हालत भी नाजुक है।
अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को सौंप दिए तीस हजार रुपये
हादसा का शिकार हुए दुकानदार की जेब से 30 हजार रुपये भी सीएचसी स्टाफ को मिले। इसके बाद उन्होंने वह रकम पुलिस को सौंप दी है। क्योंकि दुकानदार की जेब में बरामद हुई नकदी बिक्री की थी और वह दुकान से ही अपने घर आ रहे थे। चिकित्सा अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि जेब से मिले 30 हजार रुपये पुलिस को सौंप दिए हैं।

