देहरादून। निर्माणाधीन दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर बाइक से स्टंटबाजी करना एक यूट्यूबर को भारी पड़ गया।इंटरनेट मीडिया पर स्टंट बाइकर्स की निगरानी के लिए बनाई गई परिवहन विभाग की विशेष टीम ने इंस्टाग्राम पर वीडियो देखकर जांच की और बाइक के नंबर का पता लगाया। इसके आधार पर बाइकर को बुलाया गया।
आरटीओ संदीप सैनी ने उसे बाइक सीज कर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी, जिस पर वह माफी मांगने लगा। आरटीओ ने उसे यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया और स्टंटबाजी जीवन से खिलवाड़ होने के बारे में बताते हुए उसका माफी मांगने का वीडियो भी बनाया।
आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि दुर्घटना नियंत्रण व सड़क सुरक्षा के अंतर्गत शहर में जगह-जगह स्टंटबाजी की शिकायत पर एक स्पेशल टीम जांच में लगाई गई है। यह टीम इंटरनेट मीडिया की निगरानी करती है और उन सभी वीडियो व फोटो की जांच करती है, जो देहरादून में स्टंटबाजी करते हुए बनाए गए हैं।
गत दिनों जांच के दौरान टीम को आशु यूके राइडर नाम की इंस्टाग्राम आइडी पर हरे रंग की निन्जा जेडएक्स-10आर बाइक पर एक युवक निर्माणाधीन दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर आशारोड़ी व मोहंड के बीच स्टंटबाजी करते हुए दिखाई दिया। इस एक्सप्रेस-वे का काफी निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इसे अभी वाहनों के आवागमन के लिए खोला नहीं गया है।
स्पेशल टीम ने बाइक नंबर के आधार पर जानकारी जुटाई, इसके बाद शनिवार को संबंधित युवक को आरटीओ कार्यालय बुलाया गया। आरटीओ ने युवक का नाम ऐश मोहम्मद बताया। उसने बताया कि उक्त वीडियो पिछले साल का है, जिसे उसने अब अपलोड किया है।
आरटीओ ने बाइकर को सड़क सुरक्षा के नियमों के उल्लंघन के बारे में बताया। मोटर वाहन अधिनियम की धारा-189 व धारा-184 रेसिंग एवं बेलगाम गति के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराने, तीन माह की सजा व पांच हजार रुपये जुर्माने के बारे में जानकारी दी। साथ ही वाहन सीज करने की चेतावनी भी दी। आरटीओ ने बाइकर को बताया कि उसके इंटरनेट मीडिया पर लाखों फालोअर्स हैं और उसके इस कृत्य से कोई नाबालिग या अन्य भी ऐसा स्टंट करने पर दुर्घटना का शिकार हो सकता है।
आरटीओ ने उसे प्रेरणादायी कार्यों और सड़क सुरक्षा की जानकरी देने वाले वीडियो बनाने को कहा, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके। इस पर यूट्यूबर ने माफी मांगी और प्रण लिया कि भविष्य में वह सड़कों पर ऐसा कृत्य नहीं करेगा। आरटीओ ने इसका वीडियो बनाकर जारी भी किया है, ताकि अन्य स्टंटबाजों को भी सबक मिल सके।

शहर में यहां भी होती है स्टंटबाजी

रायपुर-मालदेवता रोड, रायपुर-थानो रोड, सहस्रधारा रोड, मसूरी रोड-जाखन-साई मंदिर रोड, जीएमएस रोड, हरिद्वार बाईपास, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर फ्लाईओवर, आइएसबीटी फ्लाईओवर, मोहकमपुर फ्लाईओवर, अजबपुर फ्लाईओवर, ओएनजीसी-केडीएमआइपी रोड, सेंट ज्यूड्स-ट्रांसपोर्टनगर रोड आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *