बुलंदशहर। दिल्ली−बदायूं मार्ग स्थित दौलतपुर गांव पर बुधवार तड़के अतरौली डिपो के एक रोडवेज बस चालक को झपकी आ जाने से पेड़ से टकरा गई। बस में लगभग 45 सवारी बैठी थीं। बस के पेड़ से टकरा जाने पर उसमें बैठी सवारियों के होश उड़ गए। सवारियों का शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना देते हुए बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में बस सवार 28 वर्षीय राहुल पुत्र सोनपाल निवासी गांव घटवारी बदायूं, 28 वर्षीय विशनपाल पुत्र राजेश्वर निवासी सुधलागंज बदायूं, 45 वर्षीय श्यामलाल पुत्र शिवचरण निवासी घटवारी बदायूं, 25 वर्षीय नीरज पत्नी राहुल निवासी घटवारी बदायूं, 14 वर्षीय अन्नू पुत्री राजेस्वर निवासी सुधलागंज बदायूं, आठ वर्षीय वंशिका पुत्री राहुल निवासी घटवारी बदायूं, आठ वर्षीय सुमित पुत्र राहुल निवाड़ी घटवारी बदायूं, अंशिका पुत्री राहुल घटवारी बदायूं समेत लगभग 20 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए दानपुर और डिबाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां से चिकित्सकों ने प्रथम उपचार के बाद सभी को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं कुछ लोग मामूली चोट होने के कारण दूसरी बसों में बैठकर अपने घरों को रवाना हो गए।
कुछ यात्री दूसरी बसों से किए रवाना
चौकी प्रभारी परबेज चौधरी ने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है। सामान्य चोटों वाले लोगों को उनकी इच्छा अनुसार दूसरी बसों में बैठाकर उनके घरों को रवाना कर दिया गया है।

