चांदीनगर (बागपत) इंटरनेट मीडिया पर चैलेंज देने का चलन नामचीन हस्तियों से लेकर युवा वर्ग में भी काफी देखने को मिल रहा है। कुछ चैलेंज यानी चुनौतियां कई बार लोगों को मुसीबत में भी डाल देती हैं। हालांकि 16 साल के एक किशोर पहलवान ने ऐसी चुनौती पार कर की है कि लोगों ने दांतों तले अंगुली दबा ली। किशोर ने अपने दांतों से 15 कुंतल वजनी ट्रैक्टर 100 मीटर तक खींचने का कारनामा किया।

किशोर कुश्ती खिलाड़ी है और गाजियाबाद में खेल का प्रशिक्षण ले रहा है। गांव गढ़ी कलंजरी का 16 वर्षीय हनी गुर्जर आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा दस का छात्र है।

एक मित्र ने चैलेंज दिया कि दांतों से ट्रैक्टर खींचना है

उसने बताया कि उसे इंस्टाग्राम पर गाजियाबाद के एक मित्र ने चैलेंज दिया कि दांतों से ट्रैक्टर खींचना है। उसने इस चैलेंज को स्वीकार कर लिया और ग्रामीणों की मौजूदगी में हिंडन नदी के पास ट्रैक्टर में रस्सा बांधकर उसे अपने दांतों से 100 मीटर तक खींचा। वहीं, इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें हनी के साथी उसमें जोश भर रहे हैं। साथी उसे पीछे की तरफ ट्रैक्टर खींचने के लिए भी प्रेरित करते दिख रहे हैं।

पिता अजीत भी कुश्ती खिलाड़ी रहे हैं

हनी ने बताया कि उसके पिता अजीत भी कुश्ती खिलाड़ी रहे हैं। वे दिल्ली केसरी व जम्मू केसरी जैसे खिताब अपने नाम कर चुके हैं। हनी भी कुश्ती खिलाड़ी है और महामाया स्टेडियम गाजियाबाद में प्रशिक्षण लेता है। उसने स्थानीय कई दंगल जीते हैं।

हनी का कहना है कि वह अगली बार फार्च्यूनर कार खींचेगा जिसका वजन 21 कुंतल है। हनी ने बताया कि वह घर का खाना ही खाता है। दूध-घी, पनीर, दाल, चावल, ड्राईफ्रूट जो एक पहलवान के लिए जरूरी डाइट है उसे अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *