जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम, आवास विकास परिषद व नोएडा आथोरिटी पर गंगाजल का करोड़ों बकाया है। इन विभागों ने कई वर्षों से गंगाजल का बकाया जमा नहीं किया है।
विद्युत निगम ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे काटा था कनेक्शन
विभागों को बकाया जमा करने के लिए लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं, लेकिन किसी ने भी बकाया जमा नहीं किया। इससे विद्युत निगम का बिजली का बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत निगम ने बकाया जमा करने के लिए नोटिस भेजा था।
निगम ने 10 दिन का समय दिया था। होली से पहले भी विद्युत निगम की टीम कनेक्शन काटने आई थी। उनसे होली तक कनेक्शन न काटने की मोहलत मांगी गई ती। विद्युत निगम ने बुधवार दोपहर 1:02 बजे वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों के बिजली कनेक्शन काट दिए। इससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बुधवार शाम को गंगाजल प्लांटों से पानी की आपूर्ति नहीं की गई।
इस संबंध में विद्युत वितरण खंड पंचम के अधिशासी अभियंता स्पर्श आर्या ने बताया कि जल निगम पर करीब साढ़े तीन करोड़ बकाया है। बकाया जमा करने के लिए लगातार नोटिस भेजे गए। इसके बाद कनेक्शन काटा गया है। मार्च का अंत चल रहा है मुख्यालय से अधिक से अधिक वसूली के आदेश हैं।
इस तरह की जाती है दो प्लांटों से गंगाजल की आपूर्ति
सिद्धार्थ विहार के 100 क्यूसेक गंगाजल प्लांट से आपूर्ति
| स्थान | क्यूसेक |
| इंदिरापुरम | 15 |
| सिद्धार्थ विहार | 05 |
| नोएडा | 80 |
प्रताप विहार के 50 क्यूसेक गंगाजल प्लांट से आपूर्ति
| स्थान | क्यूसेक |
| वसुंधरा | 23 |
| इंदिरापुरम | 07 |
| नोएडा | 20 |
नगर निगम, आवास विकास परिषद व नोएडा आथोरिटी पर गंगाजल बकाया है। नोटिस भेजने के बाद भी किसी भी विभाग ने बकाया जमा नहीं किया। इसीलिए बिजली का बिल जमा नहीं हो सका। इससे कनेक्शन काट दिया था। -ब्रह्मानंद, अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय

