फरह/मथुरा। फरह ब्लॉक के सभागार में सामूहिक विवाह समारोह में तब अफरा-तफरी मच गई, जब एक दूल्हा सेहरा फेंककर दुल्हन के साथ वहां से नाराज होकर चला गया। दुल्हन के पिता ने ब्लॉक अधिकारियों पर अपने नंबर बढ़ाने के लिए उसे अपमानित किए जाने का आरोप लगाया।
मंगलवार को फरह ब्लॉक में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 20 वर-वधुओं ने एक दूसरे को वरमाला पहनाईं। गांव रैपुराजाट, गढ़ाया लतीफपुर, नगला हृदय, धर्मपुरा, जलाल, लुहारा, भाहई, पींगरी, चौकीपुरा, पैगांव, शाहपुर और नगला खरवा की कन्याओं ने सामूहिक विवाह समारोह में अपने जीवन साथी को वरमाला पहनाई।

अधिकारियों ने युवती के पिता को बरगलाकर योजना में कराया पंजीकरण

इस बीच एकबारगी अफरातफरी तब मच गई, जब एक जोड़ा सामूहिक विवाह देख कर कार्यक्रम स्थल से उखड़ गया। दरअसल परखम की एक युवती का विवाह जून में बरसाना के युवक के साथ तय हुआ था। युवती के पिता को ब्लॉक के अधिकारियों ने एकांत में विवाह कराने और उसे योजना के अनुसार पूरा सामान दिलाने का लालच दिया।

जब निर्धारित समय पर दूल्हा-दुल्हन फरह ब्लॉक पहुंचे तो वहां सामूहिक विवाह कार्यक्रम चल रहा था। जब वहां कई जोड़े देखे तो दूल्हा नाराज हो गया। उसने अपना सेहरा वहीं फेंका और परिसर से बाहर निकल गया। पीछे-पीछे दुल्हन बनी युवती भी चली गई।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 20 जोड़ों का कराया गया विवाह

इस बीच युवती के पिता ने ब्लाक के अधिकारियों पर जानबूझकर अपमानित किए जाने का आरोप लगाया। यह मामला पूरे दिन ब्लाक में चर्चा का विषय बना रहा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश, एसडीएम सदर निशा ग्रेवाल, बीडीओ नेहा रावत और नायब तहसीलदार राकेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे। हालांकि दूल्हे की नाराजगी वाले मामले में किसी अधिकारी से बात नहीं हो सकी है।

दो पक्षों में जमकर लात घूसे

रंगजी के मेला में झूला के समीप गौरानगर निवासी कृष्णा और मनीष से आठ युवकों से गालीगलौज देने पर कहासुनी हो गई। कुछ ही समय में इस झग़ड़े में बड़ा रूप ले लिया। मेला में भीड़ के बीच गालीगलौज के साथ लातघूंसे चले। कुर्सियां फिंकी और एक दूसरे के कपड़े फाड़ डाले। रंगजी मंदिर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस घटना की सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने विवाद में घायल गौरानगर निवासी कृष्णा और मनीष को पकड़ लिया। इस मामले में कृष्णा की मां बबिता ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *