वाराणसी। महाकुंभ में शामिल होने के लिए पूरे देश से लोग प्रयागराज आ रहे हैं। उसमें से लाखों श्रद्धालु श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन और गंगा स्नान के लिए काशी आ रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों को शासन-प्रशासन, सामाजिक संगठन आश्रय और भोजन प्रदान कर रहे हैं। इसके विपरीत कुछ लोग पुण्य लाभ के लिए आए लोगों को ठगने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसका संज्ञान लेते हुए परिवहन प्रशासन ने 22 वाहनों को सीज व 35 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है।
शहर में श्रद्धालुओं से आटो रिक्शा व ई-रिक्शा निर्धारित किराए से अधिक किराया ले रहे हैं। इसकी लगातार शिकायत के फलस्वरूप परिवहन विभाग व पुलिस विभाग के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया गया। इसमें अधिक किराया वसूल किए जाने एवं वाहनों में अन्य कमी पाए जाने पर कुल 22 वाहनों को बंद किया गया। 35 वाहनों का चालान किया गया।
जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों ने कहा यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। इस कारण आटोरिक्शा, ई-रिक्शा चालक अधिक किराया वसूल न करें नहीं तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके वाहन के परमिट व लाइसेंस के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुधांशु रंजन, राजकुमार, अखिलेश पांडेय आदि ने कार्रवाई की। साथ ही पुलिस विभाग के अनुराग त्यागी, यातायात निरीक्षक व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रिक्शा यूनियन एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों ने निर्धारित किराया लेने की अपील की।
वसंत पंचमी स्नान के लिए 20 हजार श्रद्धालु प्रयागराज रवाना
वसंत पंचमी के लिए रेलवे ने तैयारियों की किलाबंदी की है। बनारस रेलवे स्टेशन से 20 हजार श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए चार स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज को जाएंगी। वाराणसी कैंट से खाली तीन रैक को दुरुस्त कराकर श्रद्धाालुओं को प्रयागराज भेजा व लाया जाएगा। बनारस रेल मंडल के झूंसी और रामबाग रेलवे स्टेशन में सीनियर डीसीएम शेख रहमान खुद वाणिज्यकर्मियों की टीम के साथ दोनों ही स्टेशन पर जमे हुए हैं। श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है।
एक और पलट प्रवाह से निबटने की जबरदस्त तैयारी
प्रयागराज में वसंत पंचमी पर्व पर संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है। ऐसे में वहां से एक और पलट प्रवाह की संभावना है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि हमारे यहां श्रद्धालुओं को संभालने की पूरी तैयारी है। वाणिज्य कर्मी, जीआरपी, आरपीएफ पूर्व के पलट प्रवाह के दौरान तैयार सुरक्षा रोडमैप मुताबिक ड्यूटी पर रहेंगे।

