भदोही। औराई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर ने जेल में बंद गैंगस्टर एक्ट के आरोपित पूर्व विधायक विजय मिश्र के करीबी और पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख नंदलाल पांडेय की गिरफ्तारी को असंवैधानिक बताते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

नंदलाल के खिलाफ कुछ माह पूर्व पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज और मृतक को जिंदा दिखाकर बैनामा कराने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था। दो दिन पहले पुलिस ने उसे गैंग्स्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।

दीनानाथ भास्कर ने आरोप इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित 21 मिनट के वीडियो में लगाए हैं। यद्यपि दैनिक जागरण वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में विधायक कह रहे हैं कि साढ़े तीन बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले पूर्व उप प्रमुख नंदलाल पांडेय पर गैंग्स्टर एक्ट लगाया जाता है लेकिन औराई खेमईपुर में 40 बीघा ग्राम समाज की जमीन का फर्जी पट्टा कराने वाले पर कार्रवाई नहीं होती।

पुलिस अधिकारी पर गंभीर आरोप

नंदलाल ने जो जमीन बैनामा कराई है, उस पर अमवा गांव के एक व्यक्ति का कब्जा था। उसके प्रार्थना पत्र पर प्राथमिकी दर्ज हुई। इसमें हाई कोर्ट से अरेस्ट स्टे मिला, लेकिन जनपद के एक व्यक्ति ने पुलिस के आला अधिकारी पर दबाव बनाया तो नंदलाल को गैंग्स्टर एक्ट लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

खेमईपुर में जो फर्जी पट्टे हुए हैं, उनमें प्रधान के बेटे, पति, भतीजे और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम हैं। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। इन आरोपों पर बात करने के लिए विधायक से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

इन आरोपों पर पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने कहा कि विधायक ने अपनी बात कही है। इस पर उन्हें कोई टिप्पणी नहीं करनी है।

पैसा हड़पने के आरोपित को आजमगढ़ से लेकर पहुंची पुलिस

पैसा हड़पने के आरोपित को आजमगढ़ से लेकर पहुंची पुलिस  शीतला चौकिया लाइन बाजार के शीतला चौकिया धाम क्षेत्र में श्री गजानन ग्रुप आफ इंडस्ट्रीज के नाम से चिट फंड कंपनी खोल लोगों का पैसा निवेश किया जा रहा था। धन दोगुना करने का लालच देकर आस-पास के लोगों का लाखों रुपये जमा कराने के बाद कंपनी का संचालक अपना कारोबार समेट फरार हो गया।

सोमवार को एक एजेंट ने मुखिया को आजमगढ़ में देख पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसे पकड़ लिया गया। यह बात जैसे ही जौनपुर के निवेशकों को पता चली तो वह सीधे शीतला चौकिया चौकी पर पहुंच मामले की जानकारी दी। इसके बाद जौनपुर की पुलिस ने आजमगढ़ पुलिस से संपर्क साध आरोपित को रात तकरीबन आठ बजे लेकर जौनपुर पहुंच गई।

आरोपित के चौकी पर पहुंचने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में निवेशक पहुंचने लगे, जिसके बाद उसे लाइनबाजार थाना भेज दिया गया। थाना प्रभारी लाइन बाजार सतीश सिंह ने बताया कि मामले को लेकर तहरीर मिली है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *