आगरा। ताजनगरी की आबोहवा प्रवासी पक्षियों को खूब भा रही है। आगरा-दिल्ली हाईवे पर स्थिति रामसर साइट सूर सरोवर पक्षी विहार मेहमान प्रवासी पक्षियों का ठिकाना बना हुआ है। यहां एक ओर जहां मध्य एशिया से 2300 किलोमीटर से आए पाइड एवोसेट का कलरव सुनाई देता है तो हिमालय की चोटी पार करके आई बार हेडेड की गूंज भी सुनाई दे रही है।
800 हेक्टेयर में फैली रामसर साइट में 20 हजार से अधिक प्रवासी पक्षियों के झुंड कीठम की सुंदरता को बढ़ा रहे हैं। कीठम झील के पानी में अठखेलियां करते पक्षी मनमोहक लगते हैं। इसलिए यहां शहर के साथ आसपास के जिलों से हर दिन प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए पर्यटक पहुंच रहे हैं।
310 हेक्‍टेयर में फैला हुआ है कीठम झील
दरअसल आगरा-दिल्ली हाईवे पर रुनकता के पास स्थित सूर सरोवर रामसर साइट है। यहां कीठम झील 310 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इन दिनों सूर सरोवर में प्रवासी पक्षियों ने अपना डेरा जमाया हुआ है। परिंदों को ताज नगरी की आबोहवा खूब पसंद आ रही है। डीसीएफ चंबल चांदनी सिंह का कहना है क‍ि झील अपने तरह का आकर्षक वैटलैंड हैं। अभी गिनती तो नहीं हुई है। फिर भी इस बार 20 हजार से अधिक प्रवासी पक्षियों ने डेरा जमाया हुआ है।
दूरबीन से की जा रही है नि‍गरानी
इसके अलावा उन्‍होंने बताया क‍ि सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्टाफ निरंतर निगरानी कर रहा है। दूरबीन से भी यहां निगरानी की जा रही है। सभी पक्षी पूरी तरह से यहां पर सुरक्षित हैं। लोगों की भीड़ भी प्रवासी पक्ष‍ियों को देखने के ल‍िए पहुंच रही है। फोटोग्राफी का शौक रखने वालों की भी संख्‍या देखने को म‍िलती है।
ये प्रवासी पक्षी पहुंचे रामसर साइट
रामसर साइट पर लिटिल कार्मोरेंट, बार हेडेड गूज, नोर्दन शोवलर, कॉमन टील, इंडियन कोर्मोरेंट, ब्लैक निग्ड आइबिस, पर्पल स्वैम्प हेन, पेलिकन, ब्लैक विंग्ड, ग्रेट कोर्मोरेंट, पाइड एवोसेट, फ्लेमिंगो, डार्टर सेमत अन्य प्रवासी पक्षियों ने डेरा जमाया हुआ है। इनके आने से झील की सुंदरता में चार चांद लग गए हैं।
अंदर ले जा सकते हैं वाहन
आपको बता दें क‍ि कीठम झील तक जाने के लिए प्रवेश शुक्ल 30 रुपये प्रति व्यक्ति देना होगा। झील तक वाहन ले जाने के लिए बाइक का 20 रुपये और कार का 100 रुपये अतिरिक्त क‍िराया देना होगा। भालू केंद्र में जाने के लिए 20 रुपये प्रति व्यक्ति देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *