कानपुर। उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। बादलों के हटने के बाद आसमान साफ हुआ तो बुधवार को दिन में अच्छी धूप निकल आई और दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 29.4 डिग्री पर पहुंच गया। पिछले 52 साल में कभी चार दिसंबर के दिन इतना तापमान रिकार्ड नहीं किया गया। इससे अधिक तापमान 28 साल पहले एक दिसंबर 1986 में 30 डिग्री सेल्सियस रहा था।
रात के न्यूनतम तापमान में भी 3.4 डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इसकी वजह मौसम चक्र का बदलाव ही है। दिसंबर के पहले चार दिन में ही मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थितियां दिख रही हैं। एक दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और दो दिसंबर को 28.6 डिग्री रहा।
तीन दिसंबर को 28 डिग्री रहा। हवा की रफ्तार भी बढ़ी तो मौसम विशेषज्ञों ने तीन से चार दिन में सर्दी बढ़ने का अनुमान लगाया लेकिन बुधवार को गर्मी बढ़ गई।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चार दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 13.4 रहा जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।

शीतलहर चलने के आसार कम, गिरेगा मामूली पारा

डा. पांडेय ने बताया कि मौसम चक्र में बदलाव की वजह से ऐसा हो रहा है। अब दिसंबर में शीतलहर चलने के आसार नहीं हैं। दो से तीन दिन में तापमान में मामूली कमी आएगी और फिर तापमान बढ़ सकता है। बुधवार को हवा चलने से बादल गायब हो गए और आसमान साफ हो गया। इससे दिन में सूरज की सीधी किरणें नीचे आईं और तापमान बढ़ गया।

आगरा का मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है गुरुवार दोपहर तेज सतही हवा चलेगी। तापमान में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा।

गोरखपुर का मौसम

गोरखपुर में गुरुवार की सुबह हल्का कोहरा रहेगा। दिन में मौसम साफ रहा है। देवरिया और बस्ती में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

मेरठ का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार जिले में बादलों के बीच धूप भी खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 51 प्रतिशत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *