सनौली। पानीपत शहर से यमुना में स्नान करने गए पांच युवक नदी में बह गए। इसमें से तीन युवकों को गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो की मौत हो गई। मृतकों के शवों को साढ़े पांच घंटे बाद नदी से बाहर निकाल पाए।

जानकारी के मुताबिक सोमवार को पानीपत शहर की एक संस्था हनुमान सभा से जुड़े करीब 20 युवक यमुना में स्नान करने के लिए गए थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सभी युवक नदी में उतरे थे।

किशोर को बचाने के लिए पानी में उतरे लोग

इसी दौरान शहर के वार्ड नंबर-11 पुरानी सब्जी मंडी निवासी 12 वर्षीय अर्जुन डूबने लगा। उसे बचाने के लिए जाटल रोड निवासी 21 वर्षीय साहिल गहरे पानी में उतरा गया। लेकिन दोनों ही डूब गए।

अर्जुन और साहिल को डूबता देख उनके साथ आए सुरेश, बलवान व महेश भी उन दोनों को बचाने के लिए गहरे पानी की तरफ चले गए। इस प्रयास में पांचों यमुना में बह गए।

इसी बीच डूब रहे युवकों के साथियों ने शोर मचाया तो यमुना घाट पर मौजूद उत्तर प्रदेश के गोताखोर साजिद, दिलशाद, बिल्लू व नौशाद युवकों को बचाने के लिए कूद गए।

अर्जुन और साहिल की नहीं बच सकी जान

गोताखोरों ने कड़ी मेहनत के बाद सुरेश, बलवान व महेश को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन वो अर्जुन व साहिल को नहीं बचा पाए। दोनों के शव ही पानी से बाहर निकाले गए।

साढ़े पांच घंटे तक चले सर्च आपरेशन में मिले दोनों के शव युवकों के डूबने की सूचना मिलने के बाद पर उत्तर प्रदेश व हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची।

पानीपत सिंचाई विभाग के गोताखोर राजकुमार की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। उसके बाद उप्र व पानीपत के गोताखोरों की टीम ने यमुना में सर्च अभियान चलाया। करीब साढे पांच घंटे बाद यमुना में साहिल व अर्जुन के शव बरामद किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *