रोहन राठी हत्याकांड में आज एसएसपी कार्यालय पहुंचे पिता विवेक राठी व चाचा विनय राठी, कहा- हत्या में दो से ज्यादा लोग शामिल, हो गहन जांच
रोहित त्यगी
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के गांव हरेटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के पुत्र रोहन राठी हत्याकांड को लेकर परिजनों की नाराजगी बरकरार है। सोमवार को मृतक रोहन राठी के पिता विवेक राठी और चाचा विनय राठी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी सिटी अमृत जैन से मुलाकात कर मामले की जांच को लेकर अपनी बात रखी।
मृतक रोहन राठी के चाचा विनय राठी ने पुलिस अधिकारियों से हुई वार्ता के संबंध में बताया कि परिवार निष्पक्ष और सही जांच की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि मामले में कुछ मुख्य बिंदुओं पर जांच और आगे की प्रक्रिया जारी है, लेकिन अब तक की पुलिस कार्रवाई से परिवार संतुष्ट नहीं है।
विनय राठी ने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों के संबंध में यदि कार्रवाई की गई है तो संभव है कि वे किसी न किसी रूप में घटना से जुड़े हों, लेकिन उनके अलावा भी अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि जब तक पूरी सच्चाई और सभी तथ्य सामने नहीं आते, तब तक मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
वहीं मृतक रोहन राठी के पिता विवेक राठी का कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उसमें केवल पकड़े गए आरोपी ही शामिल नहीं हो सकते। उनका दावा है कि घटना में दो से अधिक लोग शामिल थे और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
विवेक राठी के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की बाइक का इस्तेमाल जरूर किया था, लेकिन पूरी घटना के पीछे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनसे जांच के लिए और समय मांगा है और वह सच्चाई सामने आने की उम्मीद में पुलिस को थोड़ा और समय देने के लिए तैयार हैं।
विवेक राठी ने कहा कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग भी रखी है, हालांकि जांच की प्रक्रिया लंबी होने के कारण फिलहाल वह पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि रोहन राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। परिवार की ओर से जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की आगे की जांच के लिए एसपी सिटी अमृत जैन की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय एसआईटी गठित की है। पुलिस के अनुसार एसआईटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की जांच करेगी।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और परिजन पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच तथा अन्य संभावित पहलुओं के सामने आने की मांग कर रहे हैं।
बाइट – विवेक राठी, पिता
बाइट – विनय राठी, चाचा
#RajsattaPost #Muzaffarnagar #RohanRathi #Purkazi #CrimeNews

