मुजफ्फरनगर में कर्मचारी महासंघ की बैठक, विजय कुमार त्यागी एमएलसी प्रत्याशी घोषित 

मुजफ्फरनगर। शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार 27 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे सनातन धर्म इण्टर कालेज, निकट रोडवेज बस स्टैण्ड, मुजफ्फरनगर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार द्विवेदी ने की, जबकि संचालन महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष विजय कुमार त्यागी ने किया।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से आगामी स्नातक मेरठ खण्ड एमएलसी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। महासंघ ने विजय कुमार त्यागी को स्नातक मेरठ खण्ड चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से चुनाव में विजय कुमार त्यागी को विजयी बनाने के लिए आह्वान किया गया।

बैठक में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को लेकर भी चर्चा की गई। महासंघ के प्रदेश महामंत्री अवधेश कुमार मिश्रा ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगों से संबंधित शासनादेश जारी कराने का आह्वान किया। इनमें अर्हताधारी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति, उपार्जित अवकाश के नकदीकरण तथा लिपिकीय संवर्ग में वेतन विसंगति का निराकरण शामिल है।

इन मांगों को लेकर बैठक में प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया। महासंघ ने शासन स्तर पर इन मांगों से संबंधित शासनादेश जारी कराने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही।

बैठक के दौरान प्रदेश एवं जनपद स्तर से उपस्थित पदाधिकारियों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने आगामी एमएलसी स्नातक चुनाव में अपने प्रत्याशी विजय कुमार त्यागी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। बैठक में कर्मचारियों की एकजुटता और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष आलोक चौहान, प्रदेश सलाहकार विनोद विश्वकर्मा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तम कुमार शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव सोलंकी बुलन्दशहर, दिगम्बर, लवकुश भारद्वाज, अमिताभ पुण्डीर सहारनपुर, रिषीपाल, गौरव चौधरी, प्रशान्त शर्मा, संजीव ठाकुर, अजय त्यागी, अनिल कुमार, मनोज शर्मा, सुनील कुमार, रेशु गुप्ता, देवांश दिक्षित, विकास शर्मा, रविन्दर सहित बड़ी संख्या में शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से महासंघ ने संगठन की एकता के साथ शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को आगे बढ़ाने और आगामी स्नातक मेरठ खण्ड एमएलसी चुनाव में अपने प्रत्याशी के समर्थन में कर्मचारियों को एकजुट करने का संदेश दिया।

#Muzaffarnagar #MLCElection #ShikshanetarKarmchari #UPNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *