शिक्षा देवी डिग्री कॉलेज सौहंजनी तगान में नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत में शानदार कार्यक्रम
मुज़फ्फरनगर।सौहंजनी तगान। शिक्षा देवी डिग्री कॉलेज सौहंजनी तगान में नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत हेतु शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य, सचिव महोदय एवं उपाध्यक्ष प्रबंधन समिति द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम के दौरान बीए, बीसीए एवं बी.कॉम के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का परिचय कराया गया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
इसके पश्चात बीए तृतीय वर्ष की छात्राओं मानसी, इशिता, शुभी, आंचल, निशू, नेहा, सालियां, सिमरन, पूजा तथा सानिया ने अपनी-अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के बीच प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भी छोटे-छोटे कार्यक्रम प्रस्तुत किए और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए एक नया खेल भी आयोजित किया गया। इसमें छात्रों ने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए कागज के हवाई जहाज एवं नाव बनाने की प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं प्रथम वर्ष की छात्राओं ने मुँह में चम्मच में नींबू रखकर एक निश्चित दूरी तय करने की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जिस छात्रा का नींबू नहीं गिरा और जो सर्वप्रथम वापस आई, उसे विजेता घोषित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथि श्री विजय कुमार त्यागी, उपाध्यक्ष शिक्षा देवी डिग्री कॉलेज तथा डॉ० आर० एन० त्यागी, सचिव प्रबंधन समिति ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ० राजकुमार अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए नियमित रूप से और समय पर महाविद्यालय में अपनी कक्षाओं में उपस्थित रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन में रहने की सीख दी। साथ ही उन्होंने एन०ई०पी०-2020 को विस्तृत रूप से समझाया।
कार्यक्रम का संचालन तृतीय वर्ष की छात्राओं सलोनी एवं अरशी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति के सभी सदस्यों अंशिका शर्मा, नितिन धाबड़ा, नेहा, रिया त्यागी, संगीता, प्रिया, श्यामपाल, राजीव कुमार तथा कार्यालय सहायक निशु त्यागी एवं मनोज कुमार का योगदान रहा।
#EducationNews #CollegeNews #Muzaffarnagar #Students #RajsattaPost

