हरिद्वार से लौट रहे परिवार की बाइक को हाइड्रा ने मारी टक्कर, महिला गंभीर घायल
रोहित त्यगी
मुज़फ़्फ़रनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर संधावली रेलवे ओवरब्रिज के पास मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हरिद्वार से घूमकर मेरठ लौट रहा परिवार हाईवे किनारे बाइक रोककर कुछ देर आराम कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए हाइड्रा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला रूबी घायल हो गई, जबकि उसका पति और दो वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गए।
मेरठ निवासी पंकज अपनी पत्नी रूबी और दो वर्षीय बेटी शिवांशिका के साथ बाइक से हरिद्वार घूमने गए थे। लौटते समय संधावली रेलवे ओवरब्रिज के पास दंपति ने बाइक सड़क किनारे रोक दी और कुछ देर आराम करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे हाइड्रा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार परिवार नीचे गिर गया। इसके बाद हाइड्रा महिला रूबी के पैर को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में रूबी घायल हो गईं। पति पंकज और उनकी दो वर्षीय बेटी शिवांशिका हादसे में बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। बताया जा रहा है कि हाइड्रा चालक वाहन को लेकर पास की एक फैक्ट्री में चला गया। लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायल रूबी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा तथा उसके चालक की तलाश शुरू कर दी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाई और वाहन की तलाश शुरू कर दी।
फिलहाल रूबी की हालत गंभीर है और उन्हें जिला हॉस्पिटल में भर्ती कर बेहतर उपचार दिया जा रहा है।
#Muzaffarnagar #Mansurpur #RoadAccident #UPNews #RajsattaPost

