सास से कहासुनी के बाद विवाहिता ने किया सुसाइड, पांच बच्चों की मां की मौत से मचा हड़कंप

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में मंगलवार देर शाम करीब 7:30 बजे एक विवाहिता की आत्महत्या से हड़कंप मच गया। 32 वर्षीय आयशा की घर में काम करने के दौरान अपनी सास से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद आयशा बाथरूम में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सीओ जानसठ ऋषिका सिंह और मीरापुर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दीवार के रास्ते अंदर पहुंचकर आयशा को बाहर निकाला। पुलिस ने मौके की जांच की और परिवार के सदस्यों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

परिजनों के अनुसार, घटना से पहले आयशा की अपनी सास से चावल को लेकर कहासुनी हुई थी। मृतका की बहन अर्शेजहां ने पुलिस को बताया कि घर में रखे चावल किसी जरूरतमंद व्यक्ति को देने की बात को लेकर विवाद हुआ था। सास चावल जरूरतमंद को देने की बात कह रही थीं, जबकि आयशा ने चावल देने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।

बताया गया कि वर्ष 2017 में आयशा का विवाह शामली के राई नंगला निवासी महबूब की बेटी आयशा का कुतुबपुर निवासी बिलाल के साथ हुआ था। आयशा के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। मां की मौत के बाद पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आयशा के मायके पक्ष के लोग भी कुतुबपुर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना से पहले के हालात की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सास से कहासुनी के बाद विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हो रही है। हालांकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

#CrimeNews #MuzaffarnagarNews #Meerpur #UPNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *